दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग, विवाहिता से मारपीट का आरोप
रामपुर में एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में पति और ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ शिकायत की। महिला का आरोप है कि शादी के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग हुई, जो न देने पर उसे पीटा गया। पति ने उसे घर से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी।

रामपुर,संवाददाता। महिला थाने में एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और छेड़छाड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी एक महिला की शादी करीब आठ वर्ष पहले मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी मोनू पुत्र शंकर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। महिला के अनुसार शादी में मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था। उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी के बाद पति मोनू, सास शकुंतला, जेठ राजीव व राकेश और जेठानी निशू अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष की ओर से मारुति कार और दो लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जेठ राजीव और राकेश उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए कमरे में आकर छेड़छाड़ करते थे। करीब एक माह पहले पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और कहा कि जब तक मायके से दहेज नहीं लाएगी, उसे घर में नहीं रहने दिया जाएगा। महिला अपने दोनों बच्चों के साथ मायके पहुंची और पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद रिश्तेदारों ने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दहेज की मांग जारी रही। महिला ने यह भी बताया कि 5 जून को करीब 11 बजे ससुराल पक्ष के लोग मायके पहुंचे और दहेज की मांग को लेकर उसके साथ और उसके बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट व धक्का-मुक्की की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।


