ससुराल पक्ष से जेवर व कीमती सामान वापस दिलाने को किया केस
भागलपुर के चांदपुर गांव की महिला स्वीटी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ जेवर वापस दिलाने के लिए मामला दर्ज किया है। शादी के 20 दिन बाद से दहेज मांगने पर उससे प्रताड़ना की गई, जिससे वह अपने मायके आ गई। पति ने दूसरी शादी की, और उसकी दूसरी पत्नी की मृत्यु हो गई।

रांची, प्रमुख संवाददाता। भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव की रहने वाली महिला स्वीटी ने पति व ससुराल पक्ष द्वारा विवाह के बाद से कब्जे में रखे गए जेवर को वापस दिलाने को लेकर खेलगांव थाना में केस दर्ज किया गया है। दर्ज केस में पति हरीश दूबे, ससुर राम दरश दूबे, सास धनेश्वरी देवी, ननद साब्या तिवारी एवं राब्या ऊर्फ नीतू कुमारी को नामजद किया गया है। बताया गया है कि सूचक की शादी बिहार के बक्सर जिला के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कार्डच गांव में रहने वाले हरीश दूबे के साथ हुई थी। शादी के 20 दिन बाद से ही पति व ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में रुपये, जेवर व एसयूवी की मांग को लेकर सूचक को प्रताड़ित किया जाने लगा।
इस वजह से वह मायके आ गई। इसी बीच स्वीटी के पति ने दूसरी शादी कर ली। जिस युवती से स्वीटी के पति की शादी हुई थी, उसकी भी मृत्यु हो गई। इसकी जानकारी होते ही सूचक के साथ मायका पक्ष के लोग पिछले आठ सितंबर को खेलगांव थाना क्षेत्र के डुमरदगा सैनिक कॉलोनी में ससुराल पहुंचे तो पाया कि आवास के पास पति की दूसरी पत्नी का शव रखा हुआ है।


