पति की मौत के बाद बच्चे बनाए बंधक, विवाहिता को पीटा
थाना जसराना की 24 वर्षीय विवाहिता अवधेश की शादी एटा के विवेक कुमार से हुई थी। पति की मौत के बाद ससुरालीजन ने उसे घर से निकाल दिया और बच्चों को जबरदस्ती छीन लिया। हाल ही में विवाहिता को ससुराल में मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है।

थाना जसराना क्षेत्र की एक युवती शादी के बाद एटा ससुराल पहुंची तो शुरू में तो जिंदगी अच्छी रही, लेकिन पति की मौत के बाद में सब बदल गया। ससुरालीजनों ने उसके दो मासूम बच्चों को भी छीन लिया तथा विवाहिता को घर से निकाल दिया। पिछले दिनों विवाहिता ससुराल में गई तो उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सराय पटीकरा निवासी अवधेश की शादी एटा के थाना जलेसर के गांव बुधैरा निवासी विवेक कुमार के साथ में हुई थी। शादी के बाद अवधेश के दो बच्चे भी हुए, लेकिन कुछ साल बाद अवधेश के पति की मौत हो गई है।
24 वर्षीय अवधेश का कहना है कि इसके बाद ससुरालीजनों का रवैया बदल गया है। आरोप है कि पांच वर्षीय बेटा विकास एवं डेढ़ वर्षीय योगीराज ससुर राजेश कुमार एवं सास मालती देवी के कब्जे में हैं। आरोप है कि इस पर ससुर राजेश कुमार, सास मालती देवी, देवरानी ममता देवी, देवरानी की बहन वर्षा, देव प्रवेश एवं ननद कविता ने मारपीट की। आरोपियों ने पीड़िता का फोन तोड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। ससुरालीजनों पर उत्पीड़न का आरोप लगाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


