महिला मित्र संग कार में बैठे एएसआई पर हमला
फरीदाबाद में एक दंत चिकित्सक का अपहरण किया गया था, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया। घटना के दौरान एक एएसआई को युवकों ने घायल कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच जारी है।

कार में बैठी दंत चिकित्सक का अपहरण किया महिला सकुशल बरामद, दो आरोपी भी गिरफ्तार
फरीदाबाद,संवाददाता। सेक्टर-78 स्थित विज्ञान भवन के पीछे गुरुवार रात महिला मित्र के साथ कार में बैठे बीपीटीपी थाना के एएसआई पर पांच युवकों ने हमला कर दिया। एएसआई से मारपीट करने के बाद कार में बैठी दंत चिकित्सक का अपहरण कर लिया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने युवती को सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपहरण की वजह अभी पता नहीं चली है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, बीपीटीपी थाना में तैनात एएसआई धर्मेंद्र रात करीब 10 बजे सेक्टर-78 में अपनी महिला मित्र के साथ कार में बैठे थे। महिला मित्र पेशे से डेंटल डॉक्टर हैं। तभी तीन युवक मोटरसाइकिल से आए और कार के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर युवकों ने एएसआई के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। इनमें से एक के हाथ में सरिया था। आरोप है कि युवकों ने सरिया से हमला कर एएसआई को घायल कर दिया। मारपीट के दौरान एक आरोपी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया, जबकि दूसरा युवती के साथ पीछे बैठ गया और कार लेकर फरार हो गया। आरोपियों ने युवती को काफी देर तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाया और उसके साथ मारपीट की। इस बीच एएसआइ धर्मेंद्र ने मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ लिया और तत्काल अपने थाना और क्राइम ब्रांच को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-75 और सेक्टर-65 की टीम मौके पर पहुंची। पकड़े गए युवक से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों के मोबाइल नंबर ट्रेस किए और उनका पीछा शुरू कर दिया। फरीदपुर बस अड्डे के पास पुलिस ने कार को घेरकर रोक लिया और युवती को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने गांव भतौला निवासी यश और गांव फरीदपुर निवासी यशराज को गिरफ्तार कर लिया। घायल युवती को उपचार के लिए अकार्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुनसान इलाकों में बढ़ रही घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रेटर फरीदाबाद के कई इलाके रात के समय सुनसान रहते हैं, जहां अक्सर प्रेमी जोड़े पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों पर कुछ असामाजिक तत्व लूटपाट, मारपीट, छेड़छाड़ और अन्य वारदातों को अंजाम देते हैं। लोगों ने पुलिस से ऐसे इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर पुराने मामलों का भी खुलासा करने की मांग की है। अशेाक जैन


