घर में घुसकर हसुआ से हमला करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
हमले में घायल व्यवसायी की पत्नी एवं स्थानीय लोगों की पिटाई से घायल आरोपी का अस्पताल में चल रहा इलाज

गिरिडीह, प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाभनटोली राजेंद्र नगर में घर में घुसकर हसुआ से हमला कर महिला को बुरी तरह जख्मी किये जाने के मामले में मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। वहीं हमले में घायल व्यवसायी संजय बर्णवाल की पत्नी 50 वर्षीया नीति देवी एवं भागने के क्रम में स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ने के बाद पिटाई से घायल आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सात नंबर योगीटांड़ निवासी संजय दास का इलाज शहर के अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है। नीति देवी मर्सी अस्पताल में भर्ती हैं जबकि आरोपी संजय का इलाज शुक्रवार को भी पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में चल रहा है।
मामले की प्राथमिकी नीति देवी के पुत्र शुभम बर्णवाल की लिखित शिकायत पर दर्ज की गई है। शुभम का कहना है कि गुरूवार को लगभग साढ़े बारह बजे दिन उसकी मां नीति देवी घर पर थी। इसी क्रम में एक व्यक्ति अपना चेहरा पीला कुर्ता एवं गमछा से ढककर हाथ में धारदार हसुआ लेकर आया और उसकी मां के चेहरा, हाथ, माथा और छाती पर कई वार कर दिया जिससे उसकी मां खून से लथपथ होकर जमीन पर बेहोश होकर गिर गयी। जब उसकी पत्नी वर्षा रानी चिल्लाने लगी तो हो-हल्ला सुनकर आस पड़ोस के लोग आये और उस व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की परंतु वह फरार हो गया। हालांकि उसके घर के कुछ दूर पर झाड़ी में वह भागने के क्रम में छुप गया और स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ा गया। पकड़ने के बाद पता चला कि वह संजय दास है। पहले संजय उनकी दुकान में ड्राईवर के रूप में काम करता था। संजय ने उसकी मां को जान मारने की नियत से हमला किया है।

