ससुरालियों ने महिला को लाठी-डंडों से पीटा
काशीपुर में एक महिला ने अपने मायके से लौटने पर अलमारी का ताला टूटा पाया और आरोपी ससुरालियों ने उसकी शिकायत पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। मामले की जांच जारी है।

काशीपुर, संवाददाता। मायके से लौटी महिला ने अलमारी का ताला टूटा होने और जेवरात गायब होने के बारे में पूछा तो ससुरालियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
घटना का विवरण
ढकिया गुलाबो वार्ड 11 निवासी कविता सैनी पत्नी देवेंद्र सैनी ने टांडा पुलिस चौकी में दी तहरीर में बताया कि वह एक अक्तूबर को अपने मायके ठाकुरद्वारा गई थी। बताया कि उसने अलमारी में सोने का मंगलसूत्र, चेन, टॉप्स और चांदी की पायल सुरक्षित बंद करके रखी थी। चार अक्तूबर की दोपहर वापस लौटने पर अलमारी का ताला टूटा मिला और सभी जेवरात गायब थे। आरोप है कि जब उसने पति, ससुर, देवर और देवरानी से इस बारे में पूछा तो सभी ने एकजुट होकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस सहायता और चिकित्सा
मारपीट में गंभीर रूप से घायल कविता बेहोश हो गई। आरोपी उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए। होश आने पर पीड़िता ने किसी तरह 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल कराया गया। पीड़िता के शरीर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। टांडा पुलिस चौकी प्रभारी हेम चंद्र तिवारी ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

