मथुरा जंक्शन से दो माह के मासूम को ले जा रही महिला गिरफ्तार
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत चलाए गए चेकिंग अभियान में, जीआरपी ने एक महिला को गिरफ्तार किया जिसने दो महीने के शिशु को अवैध रूप से ले जाने का प्रयास किया। शिशु को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। महिला के खिलाफ अपहरण और बाल संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मथुरा, मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी ने स्टेशन परिसर से दो माह के शिशु को अवैध रूप से ले जाने के प्रयास में एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए दुधमुंहे मासूम को सकुशल बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़ी गई महिला राजस्थान के झालावाड़ जिले की रहने वाली है, जिसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को जीआरपी थाना मथुरा जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर गश्त व संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म पर एक 45 वर्षीय महिला की गोद में करीब 2 माह का नवजात शिशु दिखा। महिला संदिग्ध अवस्था में ट्रेन का इंतजार करते हुए कहीं जाने की फिराक में थी।महिला की घबराहट और असामान्य व्यवहार को देखते हुए महिला कांस्टेबल नीलम व पुलिस टीम ने उससे पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला टूट गई। उसने बताया कि उसकी कोई औलाद नहीं है, इसलिए उसने यह बच्चा स्टेशन पर मिली एक अज्ञात महिला से लिया है। हालांकि, वह अज्ञात महिला के नाम-पते और बच्चे की पारिवारिक पृष्ठभूमि के संबंध में कोई भी संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। बच्चे की तस्करी या अवैध रूप से ले जाने की आशंका पर पुलिस ने तत्काल बच्चे को अपनी सुरक्षा में लेकर महिला को हिरासत में ले लिया। जीआरपी ने मासूम को विधिक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है, वहीं पकड़ी गई महिला के खिलाफ अपहरण व बाल संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उस अज्ञात महिला का पता लगाने में जुटी है, जिसने यह बच्चा सौंपा था।


