दंपती से मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
दिबियापुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने बाइक सवार युवकों पर हमला और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि उसे और उसके पति को धमकी दी गई थी जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की। अंततः, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की।

दिबियापुर थाना क्षेत्र के जमौली गांव के दासा पुरवा निवासी महिला ने बाइक सवार युवकों पर खेत से घर लौटते समय पति और उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। थाना पुलिस से सुनवाई न होने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। दासा पुरवा निवासी रानी देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने पति रामशंकर के साथ खेत से घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गांव के प्रमोद, पड़ोसी गांव अग्नूपुरवा निवासी अनुज पाल और एक अज्ञात युवक बाइक से पहुंचे और दोनों के साथ गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपितों ने दंपती के साथ मारपीट की। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद थाना पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन मामले में सुनवाई नहीं हुई। इस पर उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़िता के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।


