दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
उत्तर प्रदेश के बम्हरौली कछार क्षेत्र में एक महिला को दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। पति और ससुरालियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और 5 वर्षीय बेटे के साथ सड़क पर फेंक दिया। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जांच शुरू हो गई है।

पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के रसूलपुर कासीपुर (बम्हरौली कछार) में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। इसके पहले उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। मामले की शिकायत पर पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर कोखराज पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोखराज थाना क्षेत्र के दरियापुर मझियावां गांव की रुबीना बानो पुत्री स्व. जुम्मन ने बताया कि उसका निकाह 14 नवंबर 2018 को रसूलपुर कासीपुर (बम्हरौली कछार) निवासी मो. यहया से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता के मुताबिक, 19 जुलाई 2026 को आरोपियों ने बेरहमी से पिटाई कर पांच वर्षीय बेटे याशीन के साथ उसको घर से निकाल दिया। तब से पीड़िता मायके में रह रही है। पिछले दिनों उसने घटना की शिकायत एसपी सत्यनारायण प्रजापत से की थी। उनके आदेश पर मुकदमा कायम हुआ है। इंस्पेक्टर संतोष शर्मा का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


