पारसनाथ में वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन
पारसनाथ वन्यप्राणी आश्रयणी में वन्यजीवों के संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के लिए वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में स्वच्छता मुहिम चलाई गई और वन्यजीवों की सुरक्षा का महत्व बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि जंगल सुरक्षित रहेगा तो वन्यजीव और मानव जीवन सुरक्षित रहेगा।

पीरटांड़, प्रतिनिधि। पारसनाथ वन्यप्राणी आश्रयणी में वन्यजीवों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रकृति, वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। इस दौरान वन्य प्राणी आश्रयणी क्षेत्र में स्वच्छता मुहिम भी चलायी गयी। कार्यक्रम में वन विभाग के सिकंदर प्रसाद, अशोक कुमार, मधुबन उपमुखिया झरी महतो, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षत्र कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सुमन कुमार सिन्हा एवं अन्य वनकर्मी प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर है और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
जंगल सुरक्षित रहेगा तो वन्यजीव सुरक्षित रहेंगे और तभी मानव जीवन भी सुरक्षित एवं संतुलित रह सकेगा। वन्यप्राणी सप्ताह के दौरान लोगों को वन क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक एवं कचरे का उपयोग न करने, पेड़-पौधों की रक्षा करने तथा वन्यजीवों को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने और वन संपदा की सुरक्षा में आम लोगों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया। बताया गया कि पारसनाथ क्षेत्र केवल धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि अपनी प्राकृतिक संपदा, वन क्षेत्र और जैव विविधता के कारण भी इसकी विशिष्ट पहचान है। यहां का शांत एवं प्राकृतिक वातावरण अनेक वन्यजीवों और पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण आश्रय प्रदान करता है।

