बड़कोट में वन कर्मियों को सिखाए वन्यजीव फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के गुर
बड़कोट में वन चेतना केंद्र द्वारा वन्यजीव फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें रवांई, मुगरसन्ती, कुथनौर, यमुनोत्री और नौगांव रेंज के कर्मचारियों ने भाग लिया। सागर ठाकुर ने फोटोग्राफी के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी और फील्ड में व्यवहारिक अभ्यास भी कराया।
बड़कोट। अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट की ओर से वन चेतना केंद्र बड़कोट में प्रभागीय फील्ड कर्मचारियों के लिए वन्यजीव फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में रवांई, मुगरसन्ती, कुथनौर, यमुनोत्री और नौगांव रेंज के वन कर्मचारी शामिल हुए। प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में राजाजी राष्ट्रीय पार्क में लंबे समय से वन्यजीव फोटोग्राफी कर रहे सागर ठाकुर ने मुख्य संदर्भदाता के रूप में कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। उनके सहयोगी शुभम और शिवांग ने भी प्रशिक्षण में सहयोग किया। संदर्भदाताओं ने कर्मचारियों को वन्यजीवों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए कैमरा संचालन, सही एंगल, प्रकाश व्यवस्था, दूरी बनाए रखने सहित अन्य आधारभूत तकनीकी जानकारी दी।
इसके साथ ही कर्मचारियों को फील्ड में ले जाकर व्यवहारिक रूप से वन्यजीव फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का अभ्यास कराया गया। इस दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक व्यवहार को प्रभावित किए बिना फोटोग्राफी करने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी साधुलाल, वन क्षेत्राधिकारी रवांई आशीष नौटियाल सहित विभिन्न रेंजों के वन कर्मचारी मौजूद रहे।

