शाम होते ही शुरु हो जाती है वन्यजीवों की चहलकदमी
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पास वन्यजीवों की बढ़ती उपस्थिति से ग्रामीण चिंतित हैं। हाल ही में, एक हाथी गांव इस्लामनगर में एक घर के सामने खड़ा रहा, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हुए। वन विभाग द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में शाम ढलते ही वन्यजीवों की चहलकदमी शुरु हो जाती है। वन्यजीवों की मौजूदगी से लोग भयभीत हैं। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सीमावर्ती इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी ने आम लोगों खासकर ग्रामीणों का जीना दूभर कर रखा है। आए दिन आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने की मांग किए जाने के बाबजूद विभागीय स्तर पर इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। गुरुवार को देर शाम कार्बेट टाइगर के जंगल से बाहर निकल कर एक हाथी आबादी के बीच पहुंच गया। हाथी ग्राम इस्लामनगर के पुराना कालागढ़ निवासी सिराजुद्दीन अंसारी के घर के सामने काफी देर तक खड़ा रहा।हाथी
की मौजूदगी के चलते सूखा स्रोत के पुल पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। हाथी करीब आधा घंटा से अधिक समय तक सूखा स्रोत में ही जमा रहा। इस दौरान मौके पर एकत्र लोग हाथी का वीडियो बनाने लगे तथा कुछ लोग फोटो खींचने लगे। शमशुद्दीन अंसारी के मुताबिक दो दिन पहले हाथी घर के गेट अंदर ही घुस गया था। शिकायत करने के बाबजूद वन विभाग द्वारा वन्यजीवों की रोकथाम को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।


