कालियाम में हाथियों का उत्पात, बांस के राइजोम व फसलों को भारी नुकसान
चाकुलिया के कालियाम पंचायत के गांवों में जंगली हाथियों ने उत्पात मचाया। ग्रामीण पूरी रात भय में रहे। हाथियों ने बांस, अनानास, कटहल और केले की फसलों को नुकसान पहुँचाया, जिससे किसानों को आर्थिक हानि हुई। वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग की गई है।

चाकुलिया। चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के कई गांवों में मंगलवार रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के भय से ग्रामीण पूरी रात घरों में दुबके रहे। कालियाम गांव में हाथियों ने कई किसानों के बांस के बागानों में घुसकर बड़ी संख्या में बांस के राइजोम तोड़कर खा लिए। इसके अलावा अनानास, कटहल और केले की फसलों को भी बर्बाद कर दिया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे तीन हाथी गांव में पहुंचे। उन्होंने नायक टोला निवासी मृत्युंजय नायक और मोहिनी नायक के बांस बागान में नुकसान पहुंचाया। वहीं समीर कुमार महतो के बागान में अनानास और कटहल की फसल तथा सुनील महतो के केले के पौधों को तहस-नहस कर दिया।
उपद्रव के बाद हाथी भोर में जंगल की ओर लौट गए।इधर, रेलवे लाइन से सटे गोदराशोल गांव में भी हाथियों की मौजूदगी से दहशत रही। सुबह जंगल के पास पत्ता तोड़ने गए सुनील नायक पर एक हाथी ने हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह साइकिल छोड़कर भाग निकले और बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग की है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


