आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी सास-ससुर गिरफ्तार
बस्ती के सोनहा थानाक्षेत्र के सल्टौआ में एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में उसके सास-ससुर को गिरफ्तार किया है, जिन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी बताया गया है। मृतका के परिवार का आरोप है कि ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया था।

बस्ती, हिन्दुस्तान संवाद। जिले के सोनहा थानाक्षेत्र के सल्टौआ में विवाहिता की आत्महत्या की घटना में पुलिस ने आरोपी सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि मुकदमे में वांछित आरोपी जगन्नाथ प्रसाद जायसवाल और उसकी पत्नी गुड्डी देवी निवासीगण सल्टौआ गोपालपुर थाना सोनहा को पुलिस टीम ने रविवार की सुबह नौ बजे उनके गांव से ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। कोतवाली थानांतर्गत करियापार राउत निवासी रामचंद्र जायसवाल, वर्तमान में मुंडेरवा थानाक्षेत्र के पिपरा सुकाली में रह रहे हैं।
उन्होंने तहरीर देकर बताया है कि उनकी बेटी सरोज जायसवाल की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व सोनहा थाने के सल्टौआ गोपालपुर निवासी रवि प्रकाश जायसवाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में कम दहेज की मांग को लेकर उसे ताना देने के साथ मारपीट कर प्रताड़ित किया गया। इससे परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। उनकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सास व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष के साथ एसएसआई द्वारिका प्रसाद चौधरी, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र दूबे, कांस्टेबल राजेन्सी वर्मा और प्रियांशी कुशवाहा शामिल रहीं।---


