दहेज प्रताड़ना में बिहार और ग्रेटर नोएडा के 9 लोगों पर केस
गोविन्दपुर की विवाहिता ने अपने पति, सास और ननद सहित 9 ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने 2009 में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। ससुराल वालों ने दहेज के रूप में 5 लाख रुपये की मांग की और मांग न पूरी होने पर उसे प्रताड़ित किया गया।

गोविन्दपुर की एक विवाहिता ने पति, सास, दोनों ननद समेत ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपियों में झारखंड के अलावा बिहार के कैमूर जिले के भगवानपुर और यूपी के ग्रेटर नोएडा निवासी रिश्तेदार भी शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, छोटा गोविन्दपुर हाउसिंग कॉलोनी निवासी पिंकी सिंह ने शनिवार को गोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पति पुनीत कुमार सिंह, सास आशा सिंह, ननद वंदना सिंह, ननद साधना सिंह यूपी ग्रेटर नोएडा निवासी के अलावा बिहार के कैमूर जिला अंतर्गत भगवानपुर के रहने वाले लाल साहब, रंजीत सिंह, युवराज सिंह, भारती देवी उर्फ विक्की तथा संजय चौधरी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक सुनील चौधरी को सौंपी गई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2009 में हिंदू रीति-रिवाज से उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ माह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना की जाती रही।


