दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप
हरदोबारा गांव निवासी रंजिता कुमारी ने अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बड़हरिया, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के हरदोबारा गांव निवासी स्व रंजीत सिंह की पत्नी रंजिता कुमारी ने थाना में आवेदन देकर ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने दिए आवेदन में कहा है कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।
दहेज की मांग
आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर खाना-पानी नहीं दिया जाता था तथा विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। कई बार किरासन तेल और पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास भी किया गया। महिला के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद ससुराल वालों का उत्पीड़न और बढ़ गया। कुछ दिन पूर्व सुजीत कुमार, ललन सिंह, बाबूंती देवी, बिंदी कुमारी, शोभा कुमारी और मंजू देवी सहित अन्य लोगों ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर कमरे में बंद कर मारपीट की। इस दौरान उसके सोने-चांदी के जेवर और कपड़े ले लिए गए तथा पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग की गई।
पुलिस की कार्रवाई
महिला ने बताया कि शोर सुनकर पड़ोसियों ने उसके मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के भाई के पहुंचने पर उसके साथ भी मारपीट कर उसे घायल करने का आरोप है। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई। महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया तथा उसके करीब 8-10 माह के बच्चे को भी छीनने का प्रयास किया। बच्चे को जान से मारने की नीयत से पटकने और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर पुलिस का कहना है पीड़ित के दिए आवेदन पर मामले की जांच की जा रही है।


