अभिषेक बनर्जी पर 16 केस दर्ज : बंगाल सरकार
पश्चिम बंगाल सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ 16 प्राथमिकी दर्ज हैं। हाईकोर्ट ने कुछ प्राथमिकियों के संबंध में उनके खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा दी। न्यायमूर्ति ने सभी प्राथमिकी का विवरण मांगा। अभिषेक बनर्जी का आरोप है कि ये मामले राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित हैं।

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को कलकत्ता हाईकोर्ट को बताया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ राज्य के विभिन्न पुलिस थानों में अलग-अलग मामलों में कुल 16 प्राथमिकी दर्ज हैं। हाईकोर्ट ने 30 जून को भवानीपुर, बिष्णुपुर और कालीतला पुलिस थानों में दर्ज तीन प्राथमिकियों के संबंध में पुलिस की किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से अभिषेक बनर्जी को अंतरिम सुरक्षा दी थी। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि वह 30 जून तक अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकियों का विवरण अदालत के समक्ष प्रस्तुत करे। गुरुवार को राज्य सरकार ने अदालत में सूची पेश की।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने निर्देश दिया कि अभिषेक बनर्जी द्वारा अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर अगली सुनवाई 11 अगस्त को होगी। अभिषेक बनर्जी ने दावा किया है कि उनके खिलाफ दर्ज केस राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित हैं।


