छह महीने में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाएंगे : शुभेंदु
--प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने पर जोर --धार्मिक पर्यटन सर्किट के लिए एक

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार छह महीने के भीतर लव जिहाद और लैंड जिहाद के खिलाफ कड़े कानून लाएगी। साथ ही प्रदेश में उत्तराखंड और गुजरात की तरह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी, लेकिन भारतीय संस्कृति, परंपरा और पूजा स्थलों पर हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसी भी राष्ट्र-विरोधी गतिविधि की अनुमति नहीं देगी।
समान नागरिक संहिता की पहल
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मसौदे की जांच करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार, पश्चिम बंगाल यूसीसी विधेयक का उद्देश्य विवाह, तलाक, विरासत और गोद लेने से जुड़े मामलों पर सभी समुदायों के लिए नागरिक कानूनों को एक समान बनाना है।
धार्मिक पर्यटन सर्किट परियोजना
प्रस्तावित धार्मिक पर्यटन सर्किट के बारे में अधिकारी ने कहा कि यह परियोजना दो साल में पूरी हो जाएगी और इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमें आपके सुझावों और सहयोग की आवश्यकता है। पिछली टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए अधिकारी ने कहा कि उसके पतन के कई कारण थे, लेकिन हिंदू भावनाओं, संगठनों, देवी-देवताओं और परंपराओं को बार-बार ठेस पहुंचाना सबसे मुख्य कारण थे।
विशेष कार्यक्रमों का आयोजन
दस लाख लोग करेंगे गीता पाठ
शुभेंदु अधिकारी ने आने वाले कई कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिनमें नवंबर में नेताजी इंडोर स्टेडियम में 20,000 लोगों द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ और 29 दिसंबर को 10 लाख लोगों द्वारा सामूहिक गीता पाठ शामिल है। उन्होंने लोगों को बताया कि उनकी सरकार ने अगले साल होने वाले गंगासागर मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं होंगी।


