पश्चिम बंगाल में कानूनी प्रक्रिया के तहत लागू होगा यूसीसी : मुख्यमंत्री
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को गुजरात और असम के मॉडल के अनुसार अपनाया जाएगा। यह जानकारी बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर दी गई। भाजपा सरकार विधानसभा सत्र में यूसीसी विधेयक पेश कर सकती है।

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए लागू करेगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में गुजरात और असम की तर्ज पर कदम उठाए जाएंगे। उत्तर कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट में साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की 189वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करने की एक निर्धारित प्रक्रिया है और राज्य सरकार उसी के अनुरूप आगे बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मामलों से संबंधित समान नागरिक संहिता को लागू करने के लिए गुजरात और असम में अपनाई गई प्रक्रिया का अध्ययन किया गया है।सूत्रों
के अनुसार, पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार विधानसभा के वर्तमान बजट सत्र के दौरान सोमवार को यूसीसी विधेयक पेश कर सकती है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में निर्णय विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में लिया गया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


