पश्चिम बंगाल में हर व्यक्ति को वंदे मातरम् गाना होगा : शुभेंदु
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में हर व्यक्ति को वंदे मातरम गाना होगा। उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय में कथित राष्ट्र विरोधी तत्वों पर भी निशाना साधा और कहा कि वहां राष्ट्रवाद को लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम ने कहा- राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति को वंदे मातरम गाना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने जादवपुर विश्वविद्यालय में मौजूद कथित राष्ट्र विरोधी तत्वों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमति नहीं दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा, टुकड़े-टुकड़े गैंग और जिहादी तत्व विश्वविद्यालय में वंदे मातरम, गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस मनाने का विरोध करते हैं। अधिकारी ने कहा कि मीडिया का एक वर्ग राष्ट्र विरोधी लोगों के समर्थन में चाहे जो लिखे, हम विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद को स्थापित करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने के लिए बनी है। ऐसे में जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रवाद, भारतीय और सनातन संस्कृति की झलक दिखनी चाहिए।


