केंद्र ने ग्रामीण सड़कों के लिए 1,000 करोड़ रुपये दिए : शुभेंदु
कोलकाता के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि केंद्र ने पश्चिम बंगाल में 2,400 किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख घरों को मंजूरी दी गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने 31 मार्च 2027 तक 8,508 करोड़ रुपये की राशि का भी आश्वासन दिया।

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र ने प्रदेश में 2,400 किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख घर बनाने की मंजूरी दी गई है। यह घोषणा मुख्यमंत्री की केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक के बाद की गई। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि ग्रामीण कल्याण मंत्रालय ने ग्रामीण रोजगार योजना वीबी-जी रामजी के तहत 31 मार्च 2027 तक के लिए पश्चिम बंगाल को 8,508 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। राज्य सरकार के योगदान के साथ कुल खर्च 12,064 करोड़ रुपये से ज्यादा होगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 82,492 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट शुरू किए गए थे, लेकिन राज्य की पिछली सरकार के सहयोग ना करने के कारण वे पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने इन परियोजनाओं को पूरा करने में आ रही सभी रुकावटों को दूर कर दिया है।


