बंगाल में गिरजाघर और पादरियों पर हमले से चिंता
पश्चिम बंगाल के ईसाई मिशनरी स्कूलों और संगठनों ने गिरजाघरों, पादरियों तथा प्रार्थना सभाओं पर कथित हमलों को लेकर चिंता जताई है। सिलीगुड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतिनिधियों ने कहा कि वे समुदाय की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात का समय मांगेंगे। बैठक में शिक्षा की चुनौतियों और शैक्षणिक मानकों पर भी चर्चा हुई।

- आरएसएस प्रमुख से मुलाकात का समय मांगेंगे पदाधिकारी कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के कई ईसाई मिशनरी विद्यालयों ने गिरजाघरों और पादरियों पर कथित हमलों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि वे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात का समय मांगेंगे।यह चिंता शनिवार को सिलीगुड़ी के डॉन बॉस्को स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में जताई गई। इसका आयोजन ईसाई समुदाय के विभिन्न संप्रदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन 'बंगीय क्रिश्चियन परिसेवा' ने 'वेस्ट बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स' के सहयोग से किया। आयोजकों के अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और शैक्षणिक मानकों में सुधार के तरीकों पर चर्चा करने के लिए प्रमुख मिशनरी शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
एक आयोजक ने बताया कि न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान संघ प्रमुख की बहुलवाद पर हालिया टिप्पणियों से उन्हें प्रोत्साहन मिला है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे पश्चिम बंगाल में ईसाई समुदाय की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए भागवत से हस्तक्षेप करने की अपील करने के उद्देश्य से उनसे मुलाकात करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित किया गया, जब राज्य के विभिन्न हिस्सों में ईसाइयों की प्रार्थना सभाओं, गिरजाघरों और समुदाय के सदस्यों पर हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं।

