95 लाख का सोना लेकर भाग निकला कारीगर
पश्चिम बंगाल के भरवारी इलाके का एक कारीगर 95 लाख रुपये का सोना लेकर फरार हो गया। यह सोना उसने डिजाइनर गहने बनाने के लिए लिया था। जब व्यापारियों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पश्चिम बंगाल का एक कारीगर भरवारी इलाके के आभूषण कारोबारियों का करीब 95 लाख रुपये कीमत का सोना लेकर फरार हो गया। यह सोना उसने डिजाइनर गहने बनाने के लिए लिया था। मामले की जानकारी होने के बाद व्यवसायियों के होश उड़ गए। पीड़ितों ने शनिवार को स्थानीय पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्वर्णकार संगठन के अध्यक्ष संजय उर्फ राजा बाबू सोनी की अगुवाई में शनिवार को तमाम स्वर्ण व्यापारी भरवारी पुलिस चौकी पहुंचे। वहां की गई शिकायत के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के टोलपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक काफी समय से भरवारी पुलिस चौकी के पीछे अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था।
वह सोना लेकर डिजाइनर गहने बनाने का काम करता था। इसके बदले में मजदूरी लेता था। आरोप है कि जेवर तैयार करने के लिए भरवारी सहित आसपास के दर्जन भर से अधिक सर्राफा कारोबारियों ने लगभग 95 लाख रुपये लागत का उसे सोना दिया था। हाल ही में शिकायतकर्ताओं को जानकारी मिली कि आरोपी परिवार संग सभी का सोना लेकर फरार हो गया है। इसकी पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत करने वालों में कमलेश कुमार, ओम प्रकाश, विकास सोनी, दुर्गेश कुमार, रजत केसरवानी, तुषार कुमार, राजू वर्मा आदि शामिल हैं।


