साप्ताहिक परेड में अनुशासन और फिटनेस पर जोर
बलरामपुर के रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को साप्ताहिक परेड आयोजित हुई। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने पुलिसकर्मियों की फिटनेस पर बल दिया और विभिन्न आवश्यक उपकरणों की जांच की। उन्होंने उच्चतम रिस्पांस टाइम के लिए अपातकालीन प्रक्रियाओं में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर भी ध्यान दिया गया।

बलरामपुर, संवाददाता। रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को साप्ताहिक परेड आयोजित हुई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर जवानों को दौड़ कराई गई तथा टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता का अभ्यास कराया गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रक उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स व अन्य आवश्यक संसाधनों की गहन जांच की। उन्होंने यूपी-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए रिस्पांस टाइम को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
इसके बाद एएसपी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, जीडी कार्यालय, कैंटीन, परिवहन शाखा, आदर्श आरक्षी बैरक, आवासीय परिसर तथा पुलिस भोजनालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजनालय में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मेस की साफ-सफाई का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। आरक्षी बैरकों और पुलिस लाइन आवासों के आसपास साफ-सफाई तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने नियमित निगरानी और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


