गाजर घास के समूल उन्मूलन के लिए छात्रों को किया जागरूक
आदर्श विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज शांतिपुरी में गाजर घास उन्मूलन जागरूकता सप्ताह मनाया गया। मुख्य वक्ता डॉ. एसपी सिंह ने गाजर घास के नुकसान और उन्मूलन उपायों की जानकारी दी। गाजर घास मूल रूप से उत्तरी अमेरिका का है और भारत में 1950 के दशक में आया। छात्रों को इसके दुष्प्रभावों से जागरूक करने की अपील की गई।
शांतिपुरी, संवाददाता। आदर्श विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज शांतिपुरी में मंगलवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के खरपतवार अनुसंधान निदेशालय, जबलपुर के दिशा-निर्देशों के तहत गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सस्य विज्ञान विभाग ने गाजर घास उन्मूलन जागरूकता सप्ताह मनाया।
कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विज्ञान विभाग के प्राध्यापक एवं परियोजना अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को गाजर घास से होने वाले नुकसान, इसके प्रसार और उन्मूलन के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गाजर घास मूल रूप से उत्तरी एवं मध्य अमेरिका का पौधा है, जो 1950 के दशक में भारत पहुंचा और अब सड़कों के किनारे, खाली भूमि और खेतों में तेजी से फैल चुका है। उन्होंने कहा कि गाजर घास को फूल आने से पहले जड़ सहित उखाड़कर नष्ट करना सबसे प्रभावी उपाय है। उखाड़े गए पौधों को गड्ढे में दबाकर कंपोस्ट या वर्मी कंपोस्ट में परिवर्तित कर जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने गाजर घास को एलर्जी का प्रमुख कारण बताते हुए पौधों को हटाते समय दस्ताने और मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी।
प्रधानाचार्य की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य डॉ. बीसी भट्ट ने छात्र-छात्राओं से गाजर घास के दुष्प्रभावों से बचाव के साथ-साथ आसपास के लोगों को इसके समूल उन्मूलन के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान शिक्षक नंदा वल्लभ, रानी बसेड़ा, रेनू बिष्ट, बालकृष्ण पांडे, युवक मंगल दल अध्यक्ष मोहन सिंह कोरंगा, राजीव शंकर शुक्ला सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

