ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशमौसम अपडेट्स: कहर बरपा रही है गर्म हवा, राजस्थान के चुरू में 49.6 पहुंचा तापमान, हरियाणा-पंजाब में भी दिखा लू का असर

मौसम अपडेट्स: कहर बरपा रही है गर्म हवा, राजस्थान के चुरू में 49.6 पहुंचा तापमान, हरियाणा-पंजाब में भी दिखा लू का असर

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में लू यानी गर्म हवा कहर बरपा रही है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाके, हरियाणा और पंजाब में सूरज की तपिश ने लोगों का बुरा...

मौसम अपडेट्स: कहर बरपा रही है गर्म हवा, राजस्थान के चुरू में 49.6 पहुंचा तापमान, हरियाणा-पंजाब में भी दिखा लू का असर
लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली।Wed, 27 May 2020 09:34 PM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में लू यानी गर्म हवा कहर बरपा रही है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाके, हरियाणा और पंजाब में सूरज की तपिश ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। राजस्थान की बात करें तो ज्यादातर इलाके लू यानी गर्म हवाओं की चपेट में हैं। बुधवार को चुरू में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में गर्मी का यह दौर अगले चौबीस घंटे जारी रहेगा हालांकि शुक्रवार को इसमें कुछ राहत मिल सकती है। विभाग के अनुसार चुरू शहर में दिन का तापमान सबसे अधिक 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बुधवार को पारा 50.0 डिग्री सेल्सियस था।

राज्य के बाकी हिस्सों में भी जोरदार गर्मी व लू पड़ रही है। बीकानेर में अधिकतम तापमान 48.0 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 48.9 डिग्री, कोटा में 47.2 डिग्री, जैसलमेर में 46.1 डिग्री, बाड़मेर 45.9 डिग्री, जयपुर में 44.8 डिग्री, अजमेर में 44.0 डिग्री व जोधपुर में 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में भी राज्य के जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछेक स्थानों पर तीव्र लू (हीट वेव) तथा काफी स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

हरियाणा, पंजाब में लू का कहर, नारनौल में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस
हरियाणा और पंजाब में बुधवार को भी लू का कहर जारी रहा। वहींए दोनों राज्यों में सबसे अधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस नारनौल में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि नारनौल में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। 

वहीं, हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अंबाला में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब के पटियाला में भी गर्मी का कहर जारी रहा। यहां अधिकतम तामपान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर और लुधियाना में तापमान क्रमश: 43.5 और 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग ने 28 और 31 मई को कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना जतायी है। जबकि 29 ओर 30 मई को दोनों राज्यों में बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें