ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देश Weather Updates: ठंड का कहर जारी, दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 22 साल का रिकॉर्ड, जानें मौसम का हाल

Weather Updates: ठंड का कहर जारी, दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 22 साल का रिकॉर्ड, जानें मौसम का हाल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कड़ाके की ठंड से स्थिति बेहाल रही। दिल्ली की सर्दी हरदिन एक नया रेकॉर्ड बना रही है। दिल्ली में दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड का कहर जारी है। दिल्ली की सर्दी ने 22...

 Weather Updates: ठंड का कहर जारी, दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 22 साल का रिकॉर्ड, जानें मौसम का हाल
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीWed, 25 Dec 2019 10:51 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कड़ाके की ठंड से स्थिति बेहाल रही। दिल्ली की सर्दी हरदिन एक नया रेकॉर्ड बना रही है। दिल्ली में दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड का कहर जारी है। दिल्ली की सर्दी ने 22 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 22 सालों बाद पहली बार इतने लंबे अंतराल के लिए दिल्लीवालों ने ठंड महसूस की है। मंगलवार सुबह 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज होने के साथ चारों ओर घना कोहरा छाया रहा। दिसम्बर में दर्ज किया गया यह दूसरा सबसे कम तापमान है। इससे पहले 19 दिसम्बर को तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हल्के कोहरे से शहर में दृश्यता कम हो गई और इससे ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

अभी और ठंड:
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिन में ठंड बनी रहेगी और हालात और भी अधिक बिगड़ेंगे क्योंकि क्रिसमस पर और अधिक ठंड पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा, “अधिकतम तापमान के 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।”

ये इलाके भी ठंड की चपेट में:
दिल्ली ही नहीं बल्कि पड़ोस में स्थित नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम भी अत्यधिक ठंड की चपेट में है।

कई ट्रेनें लेट:
उत्तरी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर जा रही ट्रेनें तय समय से एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं। वहीं चेन्नई निजामुद्दीन दुरंतो छह घंटे देरी से चल रही है। शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 364 रहा, जो कि ''बेहद खराब की श्रेणी में आता है।

कश्मीर में भीषण ठंड, श्रीनगर में मौसम की सबसे ठंडी रात
कश्मीर में मंगलवार को भीषण ठंड की स्थिति रही जबकि श्रीनगर में मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर और लद्दाख में मंगलवार को न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से कई डिग्री कम रहा। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही और वहां न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे शहर के अनेक स्थानों में पानी आपूर्ति की पाइप जम गईं।

शहर में इससे पहले आठ दिसंबर को इतना ही न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिजॉर्ट में पिछली रात तापमान शून्य से नीचे 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पहले की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। उन्होंने बताया कि पहलगाम रिजॉर्ट में रात का तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को तापमान शून्य से नीचे 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। काजीगुंड में तापमान शून्य से नीचे 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार की तुलना में तापमान कम से कम 10 डिग्री कम रहा।

पंजाब, हरियाणा में घना कोहरा, पारा लुढ़का:
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कम दृश्यता के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है, जो कुछ स्थानों पर 1०० मीटर से भी कम हो गया है। पुलिस ने कहा कि राजमागोर्ं पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही हैं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें