धनबाद में अगले चार दिनों तक छाए रहेंगे बादल
धनबाद में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले चार दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 23 और 24 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। इसके पीछे बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर बताया गया है।

धनबाद, संवाददाता। धनबाद में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का दौर जारी रह सकता है। 25 सितंबर तक एक-दो बार बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 23 और 24 सितंबर को धनबाद समेत दक्षिण-मध्य झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को भी कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और तेज हवा की चेतावनी है। 23 और 24 सितंबर को धनबाद सहित आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है。
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड के धनबाद के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं 1 जून से 21 सितंबर तक धनबाद में 936.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 998.1 मिलीमीटर है। इस तरह धनबाद में अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

