ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशWeather Update:उत्तर भारत में 3 दिन लू से राहत नहीं, जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

Weather Update:उत्तर भारत में 3 दिन लू से राहत नहीं, जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा गर्म शहरों की सूची जारी की। इसमें राजस्थान के अलवर को सबसे ज्यादा गर्म बताया गया है। यहां 45.8° डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Weather Update:उत्तर भारत में 3 दिन लू से राहत नहीं, जानें अपने इलाके के मौसम का हाल
लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली।Sat, 09 Apr 2022 06:27 AM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड समेत पूरा उत्तर भारत प्रचंड गर्मी की आगोश में है। मैदान से लेकर पहाड़ तक तपने लगे हैं। अप्रैल में ही मई-जून सी गर्मी झेल रहे लोगों के लिए आने वाले तीन दिन लू से राहत नहीं मिलेगी। यूपी, हरियाणा, बिहार और झारखंड में लू चलने की आशंका है इसलिए अलग-अलग अलर्ट जारी किया गया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा गर्म शहरों की सूची जारी की। इसमें राजस्थान के अलवर को सबसे ज्यादा गर्म बताया गया है। यहां 45.8° डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं यूपी, हरियाणा और झारखंड आदि के 17 शहरों में पारे ने 44 का आंकड़ा पार कर लिया है। राजस्थान में पाकिस्तान से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के चलते अगले तीन दिन के भीतर रेड अलर्ट की स्थिति बनेगी। तापमान 47 डिग्री के पार होगा। 

मध्य प्रदेश के राजगढ़ तथा नर्मदापुरम जिलों में पारा 45 डिग्री को छू गया है। भोपाल में 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। छिंदवाड़ा, छतरपुर, सागर, राजगढ़, धार, रतलाम, ग्वालियर और गुना जिलों में लू का प्रकोप रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि उत्तर भारत के कई इलाकों में 15 अप्रैल तक लू चलना जारी रह सकता है।

यूपी: आसमान से आग बरसी
लखनऊ, आगरा से लेकर अलीगढ़ तक शुक्रवार को आसमान से आग बरसी। आगरा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में इंसान ही नहीं पशु-पक्षी तक बेहाल रहे। सड़कें और बाजार सूने रहे। इस सीजन का सबसे गर्म दिन होने के साथ आगरा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकार्ड किया गया। इस सीजन सबसे गर्म दिनों का भी रिकार्ड बन गया है। 29 मार्च से लेकर अब तक लगातार लू चल रही है। दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। अब मौसम विभाग ने 12 अप्रैल तक का अलर्ट जारी किया है। यानि लगातार 15 दिनों तक लू चलने का नया रिकार्ड बनने जा रहा है।

उत्तराखंड: 11 और 12 को प्रचंड गर्मी की चेतावनी
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्र के लिए प्रचंड गर्मी की चेतावनी जारी की है। शनिवार-रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि 11 और 12 अप्रैल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दो से तीन डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। राज्य मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि, प्रदेश में तकरीबन सभी शहरों में तापमान सामान्य से छह से सात डिग्री अधिक चल रहा है। उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल व चम्पावत जिलों में आने वाले तीन चार दिनों में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। कुछ दिनों बाद ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की भी संभावना है। 

झारखंड: सात जिलों में पारा 40 डिग्री पार
झारखंड के कई इलाकों में शुक्रवार को भी उमस भरी गर्मी के बीच उत्तर पूर्वी भाग में लू की स्थिति बनी रही। मेदिनीनगर में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 42.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि गिरिडीह में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री सेसि ज्यादा रहा। लू की स्थिति निचले स्तर पर दक्षिण और दक्षिण पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म पछुआ हवा की वजह से बनी हुई है। आने वाले कुछ दिन तक इसमें सुधार की संभावना नहीं है।

हरियाणा:16 जिलों में येलो अलर्ट
हरियाणा के 16 जिलों में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी एक सप्ताह तक हीट वेव (गर्म हवा या लू) और सीवियर हीट वेव (अति गर्म हवा) चलने की संभावना जताई गई है। हरियाणा में पानीपत का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान क्रमश: 42.2 और 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार: रामनवमी पर लू के थपेड़े करेंगे परेशान, अलर्ट जारी
बलूचिस्तान से राजस्थान होकर यूपी होते हुए बिहार के दक्षिणी भाग में आ रही पछुआ हवा का प्रसार बढ़ता जा रहा है। इसके प्रभाव से शनिवार और रविवार को 20 जिलों में लू की स्थित रहेगी। यानी रामनवमी पर लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे। अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच, शुक्रवार को भी राज्य में बक्सर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में भी रात में पुरवा का प्रभाव बना जो शुक्रवार सुबह तक प्रभावी रहा।

कहां कितना अधिकतम तापमान
आगरा: 44.2
प्रयागराज: 43.7
कानपुर:- 42.0
मेदिनीनगर 42.2
जमशेदपुर 40.5
नोट: अधिकतम पारा डिग्री सेल्सियस में

40 डिग्री से ज्यादा पर लू
आईएमडी के अनुसार, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर गर्म हवाओं को 'लू' घोषित किया जाता है। सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक तापमान होने पर 'भीषण लू' की घोषणा की जाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें