हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में कमी
लोगों को तेज धूप और गर्मी से मिली राहत तापमान में एक डिग्री की आंशिक

भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले में बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक हल्की बारिश होती रही। सुबह से लेकर शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहे। जिले के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। दिन में अधिकांश समय लोगों को तेज धूप व गर्मी से राहत मिलती रही। तापमान में भी एक डिग्री की आंशिक कमी आई। हालांकि नियमित अंतराल में हवा शांत होने से लोगों को उमस का अहसास हुआ। नौ जुलाई को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री के आसपास रहा। पूर्व दिशा से लगभग 4.1 किमी/घंटा की गति से हवा चलती रही।
2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 10-12 जुलाई के दौरान, भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी, चलने एवं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बीएयू सबौर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश का लाभ उठाते हुए धान की सबौर दीप, किस्मों जैसे प्रभात, शुष्क सम्राट, सहभागी की बुआई 10 जुलाई तक करें। बुआई से पूर्व बीजों को उपचारित करें। 10-15 दिन की नर्सरी में समय पर निराई-गुड़ाई करें। मध्यम अवधि वाली किस्मों राजेन्द्र नीलम, राजेन्द्र कस्तूरी एवं राजेन्द्र श्वेता की रोपाई कर सकते हैं। धान की किस्मों सबौर मोती धान, सबौर सोना आदि की सीधी बुआई भी कर सकते हैं।


