ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकश्मीर में पारा शून्य के नीचे, दिल्ली-यूपी में रातें सर्द; तेजी से करवट बदल रहा मौसम

कश्मीर में पारा शून्य के नीचे, दिल्ली-यूपी में रातें सर्द; तेजी से करवट बदल रहा मौसम

नवंबर अंत की तरफ बढ़ रहा है और इसके साथ ही ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार को मौसम की रंगत बदली नजर आई। कश्मीर में पारा शून्य के नीचे पहुंच चुका है।

कश्मीर में पारा शून्य के नीचे, दिल्ली-यूपी में रातें सर्द; तेजी से करवट बदल रहा मौसम
Deepakलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीMon, 20 Nov 2023 06:07 PM
ऐप पर पढ़ें

नवंबर अंत की तरफ बढ़ रहा है और इसके साथ ही ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार को मौसम की रंगत बदली नजर आई। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 नीचे दर्ज किया गया है। इसके अलावा धुंध की मोटी परत के चलते विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई है। मौसम में हुए इस बदलाव के चलते घाटी के प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने सरकार से सर्दियों की छुट्टियां जल्दी करने की बात कही है। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी रात के मौसम में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है।

रात में सताने लगी सर्दी
वहीं देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो मौसम में बदलाव साफ महसूस किया जा सकता है। खासतौर पर रात के वक्त ठिठुरन अपना असर दिखाने लगी है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे जाने लगा है। वहीं, उत्तरी-पश्चिमी गुजरात में यह 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच था। हालांकि अभी भी दिन में गर्मी बनी हुई है। यहां पर दिन का तापमान अभी भी 35 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर बना हुआ है।

कई जगह सिंगल डिजिट तक गिरावट
इसके अलावा उत्तरी भारत में दिन-प्रति-दिन ठंड का असर बढ़ता है। मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब के ज्यादातर हिस्सों, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। बीते हफ्ते कई जगहों पर तो किसी-किसी दिन तापमान में सिंगल डिजिट तक गिरावट दर्ज की गई। ऐसा हाल पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी देखने को मिला। 16 नवंबर को रेवाड़ी जिले में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा राजस्थान के सीकर जिला स्थित फतेहपुर 7.2 डिग्री के साथ सबसे कम तापमान वाली जगह है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में अभी भी मिनिमम तापमान सिंगल डिजिट में नहीं पहुंचा है। 

कश्मीर का ऐसा हाल
साफ आसमान के चलते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में रात में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक विभिन्न जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे चला गया है। दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में माइनस 2.6 डिग्री, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में 0.8 डिग्री तो गुलमर्ग में माइनस 1.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, धुंध के चलते विजिबिलिटी कम रही, जिसके चलते वाहनों, खासतौर पर स्कूली बसों को काफी परेशानी हुई। कड़कड़ाती ठंड में स्कूली बच्चे कांपते नजर आए। रुखसाना नाम की एक स्थानीय महिला के दोनों बच्चे स्कूल जाते हैं। रुखसाना ने कहाकि इस साल मौसम बहुत जल्द खराब हो गया। हमारे बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल निकलना पड़ रहा है। इसके चलते उनके स्वास्थ्य पर भी खराब असर पड़ रहा है। बहुत से स्कूली बच्चों को बुखार और सर्दी की शिकायत है। उन्होंने कहाकि हम चाहते हैं कि स्कूल और शिक्षा अधिकारी छोटी क्लासेस के लिए सर्दी की छुट्टियां जल्द घोषित कर दें। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें