छिटपुट बदली से राहत फिर धूप और उमस
गोण्डा में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई है। अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। किसान धान की रोपाई के लिए सिंचाई के वैकल्पिक साधनों का उपयोग कर रहे हैं।

गोण्डा, संवाददाता। पिछले दो-तीन दिनों में बारिश नहीं होने का असर अब धूप के साथ बढ़ती उमस के रूप में देखा जा रहा है। बुधवार को आसमान पर छिटपुट बादल दिखे, लेकिन दोपहर बाद तेज धूप के साथ उमस ने गर्मी को असहनीय बना दिया। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रिकार्ड किया गया साथ ही न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान आसमान पर बादल दिखने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पर अलनीनो का असर है। पश्चिम की दिशा से शुष्क हवाएं चल रही हैं जिनके तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना दूभर किया हुआ है।
हालांकि तापमान अभी हीटवेव्स का अहसास नहीं कर रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की अक्षीय रेखा जनपद के पास से होकर गुजर रही है जिसके साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश पर कई मौसमी सिस्टम भी बने हुए हैं लेकिन मानसून के कमजोर होने से बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि बंगाल की खाड़ी पर बने सिस्टम के उड़ीसा से आगे बढकर उत्तर पश्चिम की दिशा में आगे बढने के आसार है। ऐसे में अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान जिले में बारिश की हल्की फुल्की और कुछ स्थानों पर थोड़े समय केलिए तेज बारिश भी हो सकती है।सिंचाई कर धान रोप रहे किसान: मानसून के लचर प्रदर्शन और बारिश की कमी के चलते जिले के किसान पंपिंग सेटों और अन्य वैकल्पिक साधनों से सिंचाई करते हुए धान की रोपाई कर रहे हैं। बीते दिनों हुई बारिश से खेतों में नमी अभी भी मौजूद है। ऐेसे में खेतों की जुलाई से लेकर रोपाई के लिए खेतों को तैयार करने में नमी मददगार हो रही है। हालांकि तेज धूप के कारण दिन में धान रोपने में लोगों को मुश्किलें हो रही हैं।


