ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशइस बार अक्टूबर में सामान्य से 41% अधिक बारिश हुई, उत्तराखंड समेत इन राज्यों को बड़ा नुकसान

इस बार अक्टूबर में सामान्य से 41% अधिक बारिश हुई, उत्तराखंड समेत इन राज्यों को बड़ा नुकसान

भारत में एक से 20 अक्टूबर के बीच सामान्य से 41 फीसदी अधिक वर्षा हुई। अकेले उत्तराखंड को सामान्य से पांच गुना ज्यादा बारिश का सामना करना पड़ा। यह जानकारी गुरुवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों...

इस बार अक्टूबर में सामान्य से 41% अधिक बारिश हुई, उत्तराखंड समेत इन राज्यों को बड़ा नुकसान
एजेंसी,नई दिल्लीFri, 22 Oct 2021 06:57 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

भारत में एक से 20 अक्टूबर के बीच सामान्य से 41 फीसदी अधिक वर्षा हुई। अकेले उत्तराखंड को सामान्य से पांच गुना ज्यादा बारिश का सामना करना पड़ा। यह जानकारी गुरुवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों में सामने आई। आईएमडी ने कहा कि इस महीने देश में सामान्य रूप से 60.2 मिलीमीटर बारिश होती, लेकिन 84.8 मिलीमीटर बारिश हुई। देश के 694 जिलों में से 45 फीसदी (16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 311 जिले) में बहुत ज्यादा बारिश हुई। 

उत्तराखंड में एक से 20 अक्टूबर के बीच सामान्य (35.3 मिलीमीटर) के मुकाबले 192.6 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे 54 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। केरल में इस दौरान 445.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे यहां 40 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। सिक्किम, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश हुई जिससे जानमाल का काफी नुकसान हुआ। 

विशेषज्ञों का मानना है कि समुद्र के गर्म होने, बेरोकटोक विकास और मानसून की वापसी में हुई देरी इसके कारण हो सकते हैं। आईआईटी मद्रास के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर बालाजी नरसिम्हन का कहना है कि निश्चित तौर पर यह असामान्य अक्टूबर  था। उन्होंने इसके लिए अवसंरचनात्मक चुनौतियों और बेरोकटोक हो रहे विकास कार्यों को जिम्मेदार ठहराया। नरसिम्हन ने 2105 में चेन्नई में आई बाढ़ का भी अध्ययन किया था। 

उन्होंने कहा कि मौसम में इस तरह के बदलाव पहले भी होते रहे हैं। लेकिन अब घनी आबादी वाले क्षेत्र विकसित हो रहे हैं जिससे इसका प्रभाव बढ़ जाता है। वर्ष 2015 में चेन्नई में इतनी बारिश हुई थी जितनी सौ साल में नहीं हुई थी। भारी बारिश का कारण समझाते हुए आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि अक्तूबर में वातावरण में कम दबाव के क्षेत्र निर्मित हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ और कम दबाव के क्षेत्र के कारण इस सप्ताह भारी बारिश हुई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें