मौसम अलर्ट: दिल्ली में बारिश, पंजाब-हरियाणा में वर्षा से फसलें चौपट, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। साथ ही शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके कारण मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसमविद ने...
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। साथ ही शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके कारण मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसमविद ने आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और मध्यम बारिश एवं गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ''न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान औसत से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 31 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है। आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज किया गया और बारिश 16.3 मिलीमीटर दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली के मध्य एवं पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हुई। कल का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31.2 और 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पंजाब, हरियाणा में बारिश से फसलें चौपट
पंजाब, हरियाणा के अधिकांश इलाकों में तीसरे दिन भी सामान्य से भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी धान व कपास की फसल काटने के लिए तैयार थी लेकिन बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद हो गई।
पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश होने के कारण पंजाब में सतलुज, ब्यास और रावी हरियाणा में यमुना नदियों के लिए सोमवार को चेतावनी जारी की गई है। अमृतसर में रविवार को 145 मिलीमीटर बारिश हुई। शहर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 11 डिग्री नीचे है।
स्वर्ण मंदिर परिसर में पवित्र जल का स्तर भी बढ़ गया है जिससे वहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समस्याएं पैदा हो गई। दोनों राज्यों के विभिन्न हिस्सों में यातायात प्रभावित है। चंडीगढ़ में कई जगह जलभराव होने से यातायात बाधित हुआ। हरियाणा के पंचकुला और पंजाब के मोहाली के से सटे इलाकों में प्रशासन को जलभराव की शिकायतें मिल रही हैं। पंजाब के नवांशहर जिले में रविवार को एक छत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से छह से 11 डिग्री नीचे चला गया।
मध्य प्रदेश में तेज धूप
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में सोमवार सुबह से निकली तेज धूप चुभने वाली रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीते दो दिनों में हुई बारिश के बाद सोमवार को एक बार फिर मौसम के मिजाज तल्ख है, तेज धूप निकली है जो चुभन पैदा करने वाली है।
मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य में मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री, इंदौर का 20 डिग्री, ग्वालियर का 21.5 डिग्री और जबलपुर का 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में सुबह तेज धूप
बिहार की राजधानी पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह धूप है। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं। पटना का सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और तापमान में मामूली वृद्घि की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छा सकते हैं लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भागलपुर और पूर्णिया का सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और गया का 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
यूपी में तेज धूप से तापमान मामूली बढ़ा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में तेज धूप निकलने से तापमान में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान हल्कीबदली छा सकती है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता ने बताया कि दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में मामूली इजाफा होने की उम्मीद है। हालांकि कई जिलों में आंशिक तौर पर बदली का असर भी बना रहेगा जिससे बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर का 20.1 डिग्री, इलाहाबाद का 23.3 डिग्री और झांसी का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।