ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशमौसम अलर्ट: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, मैदानों में ठंड बढ़ेगी, बारिश के आसार

मौसम अलर्ट: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, मैदानों में ठंड बढ़ेगी, बारिश के आसार

कश्मीर में सोमवार को कई स्थानों पर फिर से भारी बर्फबारी और बारिश हुई। इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई।...

मौसम अलर्ट: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, मैदानों में ठंड बढ़ेगी, बारिश के आसार
श्रीनगर शिमला। एजेंसीTue, 22 Jan 2019 07:57 AM
ऐप पर पढ़ें

कश्मीर में सोमवार को कई स्थानों पर फिर से भारी बर्फबारी और बारिश हुई। इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। इससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 270 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर कश्मीर के प्रवेश द्वार जवाहर सुरंग पर रविवार शाम से करीब दो फुट तक बर्फबारी हुई। इसके चलते इस मुख्य मार्ग को यातायात के लिए बंद रखना पड़ा। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद जवाहर सुरंग के दोनों तरफ बर्फ हटाने का काम जारी है। बारिश के चलते सोमवार सुबह बैटरी चश्मा के पास ओले भी गिरे। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार तक पूरे राज्य में मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। 

वहीं, हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने बुधवार तक भारी बर्फबारी और बारिश का पूवार्नुमान जताया है। रविवार रात बर्फबारी और बारिश होने से यहां कई जगहों पर तापमान काफी नीचे गिर गया। राजधानी शिमला में बादल छाए हुए हैं। लाहौल और स्पीति जिले के मुख्यालय केलोंग में आठ सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। काल्पा में 1.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। 

श्रीनगर से चार उड़ानें रद्द
श्रीगनर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण विमानों का परिचालन बाधित रहा। यहां आने-जाने वाली 27 उड़ानों में से चार उड़ानों को रद्द कर दिया गया। सोमवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश और खराब दृश्यता की वजह से 11 विमानों के परिचालन में देरी भी हुई। 

करगिल सबसे ठंडा रहा
शहर         तापमान
करगिल        -14
लेह        -5.6
गुलमर्ग        -04
केलोंग         -3.2 
कल्पा        -1.2
चंडीगढ़        10

उत्तराखंड में आज बर्फबारी-बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और पिथौरागढ़ की पहाड़ियों पर भारी हिमपात और प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और यूएसनगर में ओलावृष्टि की संभावना है। दून में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम पांच डिग्री रहने का अनुमान है।

मैदानी इलाकों में बारिश के आसार
पश्चिमोत्तर क्षेत्र में अगले 24 घंटों में कई जगह भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में सोमवार को कई जगह पर बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मैदानी क्षेत्र में कई स्थानों पर बारिश और आलावृष्टि की संभावना बन रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें