जल निगम की पानी की टंकियों के ऑपरेटरों को 31 माह से नही मिला वेतन
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की टंकियों का संचालन करने वाले ऑपरेटरों ने 31 महीने से मानदेय न मिलने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया और भुगतान की मांग की। उन्हें बताया गया था कि शासन स्तर से हर महीने मानदेय दिया जाएगा, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है।

ग्रामीण क्षेत्रों में जल निगम की पानी की टंकियों का संचालन करने वाले ऑपरेटरों ने 31 माह से मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाया है। मंगलवार को ऑपरेटरों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की। ऑपरेटरों ने जल निगम एवं संबंधित कंपनी के अधिकारियों पर बार-बार आश्वासन देने के बावजूद भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। ऑपरेटरों द्वारा डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि जनपद शामली के विभिन्न गांवों और ब्लाकों में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चयनित ऑपरेटर ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की टंकियों का संचालन कर रहे हैं।
आरोप है कि जल निगम तथा लक्ष्मी कंपनी द्वारा 25 फरवरी 2024 से अगस्त 2026 तक ऑपरेटरों को कोई मानदेय नहीं दिया गया है। करीब 31 माह से भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने परिवार का पालन-पोषण करने तक की समस्या खड़ी हो गई है। ऑपरेटरों का कहना है कि शासन स्तर से हर माह मानदेय दिए जाने की बात कही गई थी, लेकिन दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला है। संबंधित कंपनी के अधिकारियों द्वारा बार-बार जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बताया गया कि 17 अगस्त को तहसील दिवस शामली में भी इस संबंध में शिकायत की गई थी। उस समय जल निगम एवं कंपनी के अधिकारियों ने 30 अगस्त तक पूरा भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। ऑपरेटरों के अनुसार निर्धारित समय बीतने के बाद भी उन्हें मानदेय नहीं मिला है। मौके पर ऋषिपाल, सतीश राठी, संजीव कुमार, विपिन कुमार, मूनपाल, शिवम, सूरज कुमार, मोहित कुमार मौजूद रहे।


