गंगा के जलस्तर में मामूली गिरावट, गर्रा और रामगंगा में बढ़ोतरी जारी
सवायजपुर में गंगा, रामगंगा और गर्रा नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। गंगा जलस्तर में कुछ गिरावट है, जबकि रामगंगा और गर्रा में वृद्धि हो रही है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों की निगरानी रखी है। हाल ही में बारिश के साथ, जल स्तर चेतावनी बिंदु के आसपास है।
सवायजपुर। जिले में गंगा, रामगंगा और गर्रा नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार 30 अगस्त की सुबह गंगा के जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि रामगंगा और गर्रा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन की ओर से निगरानी रखी जा रही है। रविवार सुबह हरदोई में 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गंगा में हरिद्वार से 63,715 क्यूसेक और नरौरा से 71,051 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दोनों स्थानों से कुल 1,34,766 क्यूसेक पानी गंगा में पहुंचा। वहीं गर्रा नदी में नानकसागर डैम, उत्तराखंड से 2,087 क्यूसेक और इयूनी डैम, पीलीभीत से 1,947 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
इससे गर्रा के जलस्तर में वृद्धि जारी है। राजघाट पर रविवार सुबह गंगा का जलस्तर 125.480 मीटर दर्ज हुआ। खतरे का निशान 125.810 मीटर है। इस तरह नदी खतरे के निशान से 33 सेंटीमीटर नीचे है, जबकि चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर से 17 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। रामगंगा का जलस्तर हुल्लापुर, शाहजहांपुर में 135.800 मीटर दर्ज किया गया और इसमें बढ़ोतरी जारी है। केंद्रीय जल आयोग की साण्डी साइट पर गर्रा का जलस्तर 128.380 मीटर रहा। यहां खतरे का निशान 129.650 और चेतावनी बिंदु 129.150 मीटर है। गर्रा नदी चेतावनी बिंदु से 77 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।


