जगन्नाथ रथ यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब
भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की जयकारों के बीच वृंदावन में रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रातःकाल मंदिरों में अभिषेक किया गया और शाम को रथों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। भक्तों ने प्रसाद के आमों के लिए होड़ लगाई और मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

वृंदावन, भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के जयकारों से गुरुवार को कान्हा की नगरी वृंदावन भक्तिमय हो उठी। नगर के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रातःकाल मंदिरों में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का सुगंधित जड़ी-बूटियों से अभिषेक किया गया। इसके बाद सायंकाल ठाकुर जी को चंदन से सुसज्जित रथों में विराजमान कराकर बैंड-बाजों की धुन और जयकारों के बीच नगर भ्रमण कराया गया।इसी क्रम में प्राचीन जगन्नाथ घाट आश्रम से भगवान जगन्नाथ की विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई देर शाम आश्रम परिसर में संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान भक्तों में भगवान की कृपा स्वरूप प्रसाद के रूप में लुटाए जा रहे आमों को पाने की होड़ लगी रही। सायंकाल भगवान के रथों के आश्रम पहुंचने पर ठाकुर जी को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किए गए। भोग और दर्शन के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, प्राचीन लाला बाबू मंदिर में विशेष फूल बंगले का आयोजन किया गया, जिसके दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। ठाकुर राधा दामोदर मंदिर , राधा श्याम सुंदर मंदिर, राधा रमण मंदिर, राधा गोपीनाथ मंदिर सहित सप्त देवालयों में भी रथ यात्रा महोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरे दिन वृंदावन भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंजता रहा और कान्हा की नगरी पूरी तरह जगन्नाथमय नजर आई। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा रथ यात्रा मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। वहीं, नगर निगम की ओर से भी साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए।


