गणित विभाग में चला मतदाता जागरुकता अभियान
रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गणित विभाग ने युवा मतदाताओं के लिए मतदाता साक्षरता और जागरुकता अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, पहचान पत्र में सुधार और ईसीआईनेट ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने और दूसरों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गणित विभाग में जिला निर्वाचन कार्यालय, रांची के मतदाता साक्षरता और जागरुकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवा व नए मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में सुधार और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का समन्वय गणित विभागाध्यक्ष डॉ अबरार अहमद ने किया। जिला निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारी आदित्य कुमार झा ने विद्यार्थियों को ईसीआई पोर्टल और ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से उपलब्ध निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को ईसीआईनेट ऐप इंस्टॉल करवाया गया और इसके उपयोग व विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
जिन विद्यार्थियों ने अभी तक अपना मतदाता पहचान पत्र नहीं बनवाया है, उन्हें नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 की प्रक्रिया व आवश्यक जानकारी दी गई। वहीं, जिन विद्यार्थियों के मतदाता पहचान पत्र अथवा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में किसी प्रकार का सुधार आवश्यक है, उन्हें फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त निर्वाचन संबंधी अन्य ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मतदाता पंजीकरण, मतदाता पहचान पत्र में सुधार और ईसीआईनेट ऐप से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका आदित्य कुमार झा ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। मौके पर विद्यार्थियों को मतदाता जागरुकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने और अपने परिवार व आसपास के अन्य युवाओं को भी मतदाता पंजीकरण और मतदान के लिए जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में गणित विभाग के सेमेस्टर-1 व सेमेस्टर-3 के विद्यार्थियों ने भाग लिया।


