होम टू रोल वेरिफिकेशन अभियान की हुई शुरूआत
सरायकेला जिले में मंगलवार से होम टू रोल वेरिफिकेशन अभियान शुरू हुआ है, जो 04 सितंबर, 2026 तक चलेगा। बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं। परिवार के सदस्यों के नाम एक ही बूथ पर सुनिश्चित करने के लिए ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर लगाया जाएगा।

सरायकेला। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मंगलवार से होम टू रोल वेरिफिकेशन अभियान की शुरूआत हुई है। यह अभियान आगामी 04 सितंबर, 2026 तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। पूरे परिवार के वयस्क व पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने के लिए घरों पर ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर लगाया जा रहा है। यदि किसी योग्य नागरिक का नाम सूची में नहीं है तो बीएलओ उन्हें प्रपत्र-6 के माध्यम से नया नाम जोड़ने में सहयोग करेंगे। इसके अलावा, बिहार, पश्चिम बंगाल या अन्य राज्यों से आकर यहां रह रहे प्रवासी नागरिक प्रपत्र-8 और घोषणा पत्र के जरिए अपना नाम यहां स्थानीय बूथ पर स्थानांतरित करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें और परिवार के विवरण का सावधानी पूर्वक मिलान करें। उन्होंने कहा कि किसी भी त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर दावा-आपत्ति जरूर प्रस्तुत करें।प्रशासन ने बताया कि मतदाताओं की सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए 1950 राष्ट्रीय हेल्पलाइन सेवा पूरी तरह सक्रिय है। इसके साथ ही, नागरिक इसीनेट (इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेट इंफॉर्मेशन नेटवर्क) पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध निर्वाचन संबंधी अन्य डिजिटल सुविधाओं का भी घर बैठे लाभ उठा सकते हैं।


