एसआईआर : कहने को सुनवाई स्थगित, अधिकारी-बीएलओ फिर भी डटे
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत, सोमवार से शिविर में सुनवाई पूरी तरह से बंद की जा सकती है। निर्वाचन अधिकारी अब मतदाताओं को फोन कर बुला रहे हैं, जबकि सुनवाई स्थल पर हंगामा और गर्मी के कारण लोग परेशान हैं। यह स्थिति मतदाताओं में भ्रम पैदा कर रही है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सोमवार से शिविर में सुनवाई पूरी तरह बंद हो सकती है। वैसे कुछ अफसरों ने शनिवार को भी सुनवाई की। हालांकि अब अधिकांश निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और विशेष सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने (एईईआरओ) भी ऑफलाइन सुनवाई स्थगित करने की बात कही है। इसकी जगह जिन ईआरओ और एईआरओ ने सुनवाई स्थगित कर दी है, उनके बीएलओ बूथों पर बैठकर मतदाताओं को फोन कर बुला रहे हैं। वे उन्हें पहले ही बता देते हैं कि कौन-कौन से कागजात लेकर आना है। उसे जमा लेने और दो-तीन दस्तखत कराने के बाद उन्हें एसआईआर का नोटिस थमा रहे हैं।
उसमें जो तिथि और स्थान दर्ज है, वहां फिर बुला रहे हैं। इस प्रकार बाहरी तौर पर सुनवाई भले स्थगित हो गई है, हकीकत में यह जारी रहेगी। इसकी वजह से नोटिस वाले मतदाता और उनके परिजन भ्रमित हैं। उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि आयोग बड़ा है या सुनवाई अधिकारी। इससे यह भी स्पष्ट हो रहा है कि भले निर्वाचन आयोग ने अब खास मामलों में ऑनलाइन सुनवाई करने के लिए कहा है, परंतु सुनवाई अधिकारियों पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है। वे अभी भी बीएलओ के माध्यम से पुराने ढर्रे पर ही काम करने वाले हैं। मानगो अंचल कार्यालय में पहले से जारी नोटिस के कारण शनिवार को सुनवाई हुई थी। परंतु शनिवार को ही वहां जिला प्रशासन की ओर से लगाया गया टेंट खोल दिया गया। जबकि शनिवार को दिन में धूप और गर्मी थी। इसकी वजह से टेंट में लगाए गए टेबुल पर बैठे कर्मचारी और सुनवाई के लिए पहुंचे मतदाता गर्मी से परेशान हो गए।

