पौड़ी में मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
पौड़ी के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तेज कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई, जिसमें मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन और नामों में संशोधन पर चर्चा की गई। सभी मतदान केंद्रों पर यह प्रक्रिया चल रही है।
पौड़ी। विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। मतदाता नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रगति से लेकर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, नामों में संशोधन और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पर विस्तार से मंथन किया गया। अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान बीएलओ ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए तथा भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन किया। निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके बाद 14 जुलाई 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद के 1008 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।


