मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का 20 सूत्री अध्यक्ष ने लिया जायजा
धनवार प्रखंड के 20 सूत्री अध्यक्ष शफीक अंसारी ने एसआईआर अभियान के तहत कई बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 से मिलकर पुनरीक्षण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और मतदाताओं से सही समय पर आवेदन जमा करने की अपील की। अंसारी ने पारदर्शिता के साथ कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए।

खोरीमहुआ। धनवार प्रखंड के 20 सूत्री अध्यक्ष सह झामुमो गिरिडीह जिला संगठन सचिव शफीक अंसारी ने रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र के बूथ संख्या 412, 239, 234 एवं 251 का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं बीएलए-2 से मुलाकात कर अभियान की प्रगति, कार्य की स्थिति तथा सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए। शफीक अंसारी ने उपस्थित मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है।
इसलिए सभी पात्र मतदाता समय पर अपना आवेदन प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सही ढंग से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित अवधि के भीतर जमा करें। निरीक्षण के दौरान बीएलओ सलमा परवीन, मैमुना खातून, जैनब खातून एवं अमीमा खातून तथा बीएलए-2 शमशेर आलम, इसराफिल अंसारी, अफजल अंसारी और इसराइल अंसारी सहित कई मतदाता उपस्थित रहे।


