प्रमंडलीय आयुक्त ने की एसआईआर की समीक्षा
मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता ने धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा की। इस बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावों और आपत्तियों के समाधान के लिए सुझाव दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य एक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाना है।

मतदाता सूची प्रेक्षक सह प्रमंडलीय आयुक्त (उत्तरी छोटानागपुर, हजारीबाग) विजय कुमार गुप्ता ने धनबाद के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए शनिवार को समाहरणालय में विधायक, राजनीतिक दलों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में समीक्षा बैठक की। आयुक्त ने बताया कि समीक्षा का मुख्य उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं, दावों और आपत्तियों के निष्पादन की स्थिति को समझना एवं उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावा-आपत्ति दर्ज करने के लिए समय-सीमा बढ़ाने तथा प्रमाण-पत्रों के सरलीकरण का सुझाव दिया।
बैठक का उद्देश्य
साथ में सीमावर्ती राज्यों (जैसे बंगाल) से विवाह कर आई महिलाओं, स्थानीय खटालों में रहनेवाले लोगों तथा नेपाली समुदाय के नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटे, इसके लिए विशेष ध्यान देने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों से इन बिंदुओं पर अपने लिखित सुझाव समर्पित करने का अनुरोध किया है ताकि उन्हें निर्वाचन आयोग को अग्रसारित किया जा सके।
दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया
उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति निष्पादन की प्रक्रिया के तहत आवश्यकतानुसार बीएलओ को नोटिस तामीला कराने एवं सत्यापन के लिए घर-घर जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दावा-आपत्ति की निर्धारित अवधि के उपरांत प्रथम एवं द्वितीय सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद नवंबर माह तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग का लक्ष्य
प्रमंडलीय आयुक्त ने आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य एक त्रुटिरहित, पारदर्शी और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है और सभी प्राप्त सुझावों व आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
अन्य सुझाव
बैठक के दौरान आवासीय एवं जाति प्रमाण पत्र बनाने में हो रही परेशानी, लोगों में जागरूकता की कमी, लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए हर वार्ड में कैंप लगाने, पेंशन प्रमाण पत्र को मान्यता प्रदान करने, एसआईआर की प्रक्रिया सरल करने, आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने के लिए हर प्रखंड में कम से कम तीन व्यक्तियों की प्रतिनियुक्ति करने सहित अन्य सुझाव प्राप्त हुए। बैठक में विधायक राज सिन्हा, चंद्रदेव महतो, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों से राजेश कुमार,अभय कुमार, नरेंद्र कुमार त्रिवेदी, कार्तिक प्रसाद, एमके दुबे व कयूम खान, रतिलाल महतो, लक्खी सोरेन, राघवेंद्र यादव, मोहन कुमार, अरविंद कुमार सैनी, रमेश राय, राजकुमार अग्रवाल, रविंद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
आयुक्त का दौरा
धनबाद व सिंदरी विधानसभा क्षेत्रों का आयुक्त ने किया दौरा। आयुक्त ने सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के पंचायत सचिवालय, दमकाड़ा बरवा स्थित बूथ संख्या 59 एवं 60, धनबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुराना समाहरणालय भवन स्थित बूथ संख्या 112, 113, 114 एवं 115 तथा माडा कार्यालय भवन स्थित बूथ संख्या 180 एवं 181 का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान प्रमण्डलीय आयुक्त ने मौके पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।


