हाईकोर्ट बार चुनाव : दो दिन में 8370 मतपत्रों की छंटनी
प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 30 सदस्यीय कार्यकारणी के चुनाव के लिए मतपत्रों की छंटाई जारी है। दो दिन में कुल 8370 मतपत्रों की छंटाई की गई है। मंगलवार को शेष मतपत्रों की छंटाई के बाद अध्यक्ष और महासचिव पद के मतों की मैनुअल गिनती शुरू होगी।

प्रयागराज, विधि संवाददाता। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 30 सदस्यीय कार्यकारणी के चुनाव के लिए मतगणना के दूसरे दिन सोमवार को भी मतपत्रों की छंटनी जारी रही। दो दिन में कुल 8370 मतपत्रों की छंटाई का कार्य पूरा कर लिया गया। मंगलवार को शेष मतपत्रों की छंटाई के बाद अध्यक्ष व महासचिव पद के वोटों की मैनुअली गिनती शुरू की जाएगी।मुख्य चुनाव अधिकारी एसएफए नकवी और चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी, जेबी सिंह, राजकुमार शुक्ल लक्ष्मीकांत मिश्र व अनुभव शुक्ल के अनुसार अध्यक्ष व महासचिव पद के प्रत्याशियों और उनके पर्यवेक्षकों/समर्थकों की मौजूदगी में दो दिन में कुल 28 मतपेटियों में 24 से निकले 8370 मतपत्रों की छंटाई पूरी कर ली गई है।
मंगलवार को शेष चार मतपेटियों के मतपत्रों की छंटाई के बाद मतपत्र संख्या-1 (अध्यक्ष एवं महासचिव पद) की मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी। चुनाव समिति ने अध्यक्ष व महासचिव पद के सभी प्रत्याशियों से निर्धारित समय पर स्वयं या अपने अधिकृत पर्यवेक्षकों के साथ मतगणना स्थल (लाइब्रेरी हॉल) में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है। मतगणना की शुरुआत प्रत्याशियों या उनके पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में ही की जाएगी।

