कुष्ठ रोगियों की जांच कर नियमित इलाज की दी गई सलाह
डेमियन फाउंडेशन फॉर इंडिया ट्रस्ट के सचिव डॉ. एम. शिवाकुमार ने पलामू के लामीपतरा और लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। उन्होंने कुष्ठ रोगियों के इलाज, दवा वितरण और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। मरीजों को नियमित दवा लेने और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। डेमियन फाउंडेशन फॉर इंडिया ट्रस्ट, चेन्नई के सचिव डॉ. एम. शिवाकुमार ने मंगलवार को पलामू के लामीपतरा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लेस्लीगंज का भ्रमण कर कुष्ठ रोगियों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों के उपचार, दवा वितरण और उपलब्ध कराई जा रही सहायक सामग्री की स्थिति की जानकारी ली। डॉ. शिवाकुमार ने मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे स्वयं देखभाल किट, विशेष प्रकार की सुरक्षात्मक चप्पल समेत अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और उसके उपयोग की भी समीक्षा की। इसके बाद जिला कुष्ठ रोग पदाधिकारी कार्यालय में कुष्ठ रोगियों, विशेषकर कुष्ठ प्रतिक्रिया से प्रभावित मरीजों की जांच और परामर्श किया गया।
लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि लेस्लीगंज में 17 कुष्ठ रोगियों की जांच की गई। जांच के आधार पर उन्हें निर्धारित मानक के अनुरूप दवाएं और अन्य सामग्री दी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लेस्लीगंज में करीब 15 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें प्रथम और द्वितीय प्रकार की कुष्ठ प्रतिक्रिया से प्रभावित मरीज भी शामिल थे। डॉ. शिवाकुमार ने मरीजों को निर्धारित दवाओं का नियमित सेवन करने, इलाज बीच में नहीं छोड़ने और स्वयं की देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने कुष्ठ प्रतिक्रिया के उपचार और मरीजों की आवश्यकताओं को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी मार्गदर्शन भी दिया। मौके पर जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. प्रेमचंद कुमार, डेमियन फाउंडेशन फॉर इंडिया ट्रस्ट के अमूल्या महतो व गौतम महतो तथा सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता सौरभ कुमार मौजूद रहे।


