वर्चुअल लैब विषय पर कार्यशाला, विशेषज्ञों ने रखे विचार
मुजफ्फरनगर के श्रीराम कॉलेज में एक दिवसीय वर्चुअल लैब कार्यशाला हुई। इसका उद्देश्य शिक्षकों को वर्चुअल प्रयोगों का प्रशिक्षण देना और छात्रों को डिजिटल प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना था। प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने तकनीकी संसाधनों की महत्ता पर जोर दिया। यह तकनीक उन छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो भौतिक प्रयोगशाला से वंचित हैं।

मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में शिक्षा मंत्रालय की पहल नेशनल मिशन ऑन एजुकेशन थ्रू आईसीटी के अंतर्गत वर्चुअल लैब विषय पर एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यशाला हुई। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को वर्चुअल लैब के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना और विद्यार्थियों को डिजिटल प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना था। कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने आधुनिक शिक्षण में तकनीकी संसाधनों के बढ़ते महत्व पर जोर देते हुए शिक्षकों से इन डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं, वर्चुअल लैब के नोडल समन्वयक डॉ. विपिन कुमार सैनी ने बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थी मोबाइल या लैपटॉप की मदद से कहीं भी और कभी भी भौतिक, रसायन तथा जैविक विज्ञान जैसे विषयों के प्रयोग आसानी से सीख सकते हैं।
यह तकनीक उन छात्रों के लिए विशेष उपयोगी है जो भौतिक प्रयोगशाला सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। डीन डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने शिक्षण में नवीन तकनीकों के समावेश को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनिवार्य बताया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को ऑनलाइन सिमुलेशन और प्रयोग संचालन का चरणबद्ध अभ्यास कराया गया। अंत में साइंस विभाग के प्रवक्ता विकास कुमार त्यागी ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

