सहयोग शिविर: 88% आवेदन का निष्पादन
मधुबनी में डीएम आनंद शर्मा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से जन सहयोग शिविर पर आवेदन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें 8799 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 88% का निष्पादन हो चुका है। डीएम ने निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों को शीघ्र निपटारा किया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मधुबनी। डीएम आनंद शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से जन सहयोग शिविर पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की स्थिति से अवगत कराया। बैठक में डीएम ने कहा कि जन सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित,प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि सहयोग शिविर पोर्टल पर अब तक कुल 8799 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 88 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।
डीएम ने शेष लंबित आवेदनों का भी शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैठक में विभागवार प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, वित्त विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा खेल विभाग द्वारा शत-प्रतिशत आवेदनों के निष्पादन पर जिलाधिकारी ने सराहना व्यक्त की। वहीं जिन विभागों में आवेदन लंबित हैं, वहां के अधिकारियों को 30 दिनों के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आवेदनों के निष्पादन में किसी प्रकार की खानापूर्ति या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


