मध्य प्रदेश: चोरी के संदेह में दो युवकों खंभे से बांधकर पीटा, बिजली के झटके दिए
- घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

भोपाल, एजेंसी। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने कथित तौर पर दो युवकों को एक खंभे से बांधकर पीटा और बिजली के झटके देने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ा। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी वायरल वीडियो का स्वत: संज्ञान लिया है। रायसेन पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष गुप्ता ने बताया कि यह घटना चार जुलाई की है, जब ग्रामीण सिंचाई पंप की मोटरें चुराने के आरोप में दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस स्टेशन लाए थे। एसपी ने कहा कि उनके कब्जे से कई चोरी की मोटरें बरामद की गईं और चोरी के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई। हालांकि, संदिग्धों को यातना देने और बिजली के झटके देने के आरोप शनिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद ही सामने आए।
घटना का विवरण
उन्होंने कहा कि पुलिस ने वायरल वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ अलग मामला दर्ज किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान जितेंद्र ठाकुर और भंवरलाल ठाकुर के रूप में हुई है। एसपी ने कहा कि वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार के लिए प्रयास जारी हैं।
दिल दहला देने वाली फुटेज
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने दोनों युवकों को एक खंभे से बांध दिया और उनसे जबरन कबूलनामा करवाने और चोरी में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों के नाम उगलवाने के लिए उन पर हमला किया। उन्हें कथित तौर पर उन्हें बिजली के झटके दिए गए। वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ितों को एक खंभे से बांधा गया है और कई लोग उन्हें पीट रहे हैं तथा बिजली के झटके दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पीड़ित कथित तौर पर धानियाखेड़ी गांव के बैरागी समुदाय से जुड़े हैं। उन पर पानी के पंप की मोटर चुराने का आरोप है।


