महराजगंज में किसान से लेखपाल के रिश्वत लेने का वीडियो वायरल
महराजगंज के ग्राम पंचायत विशुनपुर कुर्थिया में एक किसान ने लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। किसान जयप्रकाश पांडेय ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने 1 लाख रुपये की मांग का उल्लेख किया है। वीडियो के वायरल होने के बाद लेखपाल को निलंबित किया गया है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। महराजगंज के ग्राम पंचायत विशुनपुर कुर्थिया में चकबंदी के दौरान किसान से लेखपाल के कथित रूप से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से विभाग में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि हिन्दुस्तान नहीं करता है। पीड़ित किसान जयप्रकाश पांडेय ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि चक संख्या-151 की भूमि को पूर्व स्थिति में करने के बदले लेखपाल ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगी। किसान का दावा है कि वह 70 हजार रुपये पहले और 30 हजार रुपये बाद में दे चुका है, फिर भी काम नहीं हुआ।
अतिरिक्त रकम की मांग की गई। इसी दौरान कथित लेनदेन का वीडियो वायरल हो गया। जिला चकबंदी अधिकारी नवीन गोयल ने बताया कि वीडियो के आधार पर लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच टीम गठित कर जांच कराई जाएगी।


